जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के मांडवी हॉस्टल के रूम नंबर 116 में स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्ट्डीज में पीएचडी के छात्र और स्कूल काउंसलर (एबीवीपी) अर्नब चक्रवर्ती के कमरे में कुछ छात्रों ने तोड़फोड़ की है।
हॉस्टल के कमरे के बाहर एबीवीपी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है। अर्नब चक्रवर्ती ने विवि प्रबंधन को दी शिकायत में दरवाजे पर लगे तिरंगे झंडे को फाड़ने का भी आरोप लगाया है। हालांकि सीनियर वार्डन ने जांच की बजाय कमरे के दरवाजे पर रंग करा दिया। उधर, विवि प्रबंधन का कहना है कि मामले की जांच की जाएगी और दोषी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई भी होगी।
अर्नब चक्रवर्ती के मुताबिक, शनिवार सुबह जब सोकर उठा तो देखा कि दरवाजे के बाहर रंगों से एबीवीपी के बारे में अभद्र शब्दों का प्रयोग किया गया है। इसके अलावा गमले भी तोड़ दिए हैं। कमरे के दरवाजे पर कागज का तिरंगा झंडा लगा रखा था, जिसे फाड़कर कचड़े के डिब्बे में फेंक दिया गया था। पीड़ित छात्र के मुताबिक,सबसे पहले उन्होंने घटना की शिकायत हॉस्टल की सीनियर वार्डन को दी थी।
इसके बाद वे कुलपति को शिकायत देने चले गए। दुपहर को लौटकर आए तो देखा कि सीनियर वार्डन ने दरवाजों पर जहां अभद्र शब्द लिखे गए थे, वहां ब्राउन रंग कर दिया है।