जामिया मिल्लिया इस्लामिया कैंपस, कैंटीन, लाइब्रेरी के आसपास सभा, विरोध प्रदर्शन, भीड़ इकट्ठा होने और भाषण पर रोक लगा दी गई है। विश्वविद्यालय ने शनिवार को छात्रों के नाम नोटिस जारी करते हुए चेतावनी दी है कि यदि कोई छात्र नियम नहीं मानता है तो फिर विश्वविद्यालय नियमों के तहत सख्त कार्रवाई होगी।
रजिस्ट्रार एपी सिद्दीकी की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि जामिया कैंपस के अंदर किसी भी तरह का विरोध प्रदर्शन, धरना, सभा, भीड़ एकत्रित होना और गैरकानूनी गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएगी। छात्रों को निर्देश दिया जाता है कि वे कैंपस के अंदर किसी भी प्रकार का नियम न तोड़ें। विश्वविद्यालय कैंपस सिर्फ पढ़ाई के लिए है।
उन्होंने कहा कि भीड़ एकत्रित होने से कक्षाएं बाधित होती हैं। इसलिए सभी से आग्रह किया जाता है कि वे विश्वविद्यालय को नियमों को पालन करें। इसके अलावा कैंपस में किसी भी बाहरी व्यक्ति के आने पर रोक है। छात्र किसी भी बाहरी व्यक्ति को लेकर कैंपस के अंदर न आएं।