पुलिसकर्मियों की गोली का शिकार हुए जिम ट्रेनर जय प्रकाश पांडेय का दाहिना हाथ संक्रमण फैलने के कारण काटना पड़ा। ईकोटेक-3 इलाके में रविवार देर रात जिम ट्रेनर व एक अन्य युवक पर फायरिंग की गई थी।
मंगलवार को होश में आने के बाद जिम ट्रेनर ने कहा कि उसे पुलिसकर्मियों ने ही गोली मारी थी। संक्रमण फैलने से उसका हाथ काटना पड़ा। जिस समय पुलिसकर्मियों ने गोली मारी, उस समय वे ड्यूटी पर थे।
विज्ञापन
उन्होंने सरकारी रायफल से गोली चलाई थी। रविवार देर रात दिल्ली स्थित कोंडली निवासी जय प्रकाश पांडेय ग्रेटर नोएडा निवासी सुनील के बेटे के जन्मदिन पार्टी में आए थे।
सुनील ने उन्हें घर छोड़ने के लिए अपने चालक सतीश को कार से भेजा था। जय प्रकाश पांडेय ने बताया कि ईकोटेक-3 थाना अंतर्गत खैरपुर गांव के पास उन्होंने टॉयलेट करने के लिए सतीश से गाड़ी रोकने के लिए कहा।
गाड़ी रुकने पर जब वह उतरे तो पीछे से पीसीआर-82 आ गई। इसमें सवार सिपाही यशपाल रावल और राजकुमार ने उन्हें रोक लिया। जय प्रकाश पांडेय ने जब उनसे रोके जाने का कारण पूछा तो उन्होंने फायरिंग कर दी।
गोली लगने से चालक सतीश और जय प्रकाश घायल हो गए। जय प्रकाश के दाहिने हाथ में गोली लगी, जिससे वो गिर पड़े। घायल अवस्था में ही सतीश ने उनको अस्पताल पहुंचाया।
जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई। फिर सतीश ने मामले की सूचना परिजनों व पुलिस को दी। परिजनों ने सतीश को ग्रेटर नोएडा स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया जबकि जय प्रकाश पांडेय का इलाज नोएडा स्थित कैलाश अस्पताल में चल रहा है।
परिजनो ने पुलिस वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि पीड़ित केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह का करीबी है।