ग्रेटर कैलाश इलाके में शादी का झांसा देकर 20 वर्षीय पार्लर संचालिका के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने जिम मालिक आरोपी दीपक मल्होत्रा को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता का आरोप है कि दीपक ने मुसीबत में होने की बात कर उससे लाखों रुपये हड़प लिए। रुपये वापस मांगने पर आरोपी अश्लील वीडियो सार्वजनिक करने की बात करने लगा।
परेशान होकर पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
शादी का झांसा देकर होटल में ले गया
पुलिस के मुताबिक सपना (20) (बदला हुआ नाम) परिवार के साथ गाजियाबाद इलाके में रहती है। सपना ग्रेटर कैलाश इलाके में अपना ब्यूटी पार्लर चलाती है। इसके पार्लर के सामने ही दीपक का गोल्ड नामक जिम है।
सपना के मुताबिक जून माह में उसकी मुलाकात दीपक से हुई। शादी का झांसा देकर आरोपी उसे 11 जुलाई को एक होटल में ले गया। वहां आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
कुछ ही दिनों बाद पीड़िता को पता चला कि दीपक शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। पीड़िता ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपी ने तलाक लेकर उससे जल्द शादी करने की बात कही।
दोस्त के जरिए चार लाख रुपये खाते में ट्रांसफर कराए
पीड़िता दुबारा उसके झांसे में आ गई। तलाक लेने की बात कर आरोपी ने सपना से 25 हजार रुपये वकील के लिए मांगे। सपना ने उसे रुपये दे दिए। इस बीच आरोपी अमेरिका चला गया।
वहां से फोन कर दीपक ने सपना को बताया कि वह हादसे का शिकार हो गया है। उसे दो लाख की सख्त जरूरत है। झांसा देकर अपने एक दोस्त के जरिए चार लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।
आरोपी वापस भारत आकर शादी की बात से इंकार करने लगा। पीड़िता ने जब अपने रुपये मांगे, तो वह उसे ब्लैकमेल करने लगा। परेशान होकर पीड़िता ने मामले की सूचना पुलिस को दी। छानबीन के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।