सुनीता केजरीवाल से मिले हेमंत सोरेन
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली में सीएम आवास पर अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता और झारखंड के मुख्यमंत्री और झामुमो नेता हेमंत सोरेन के बीच मुलाकात हुई। मुलाकात के दौरान हेमंत की पत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद रही। वहीं आम आदमी पार्टी से सांसद संजय सिंह भी मौजूद रहे।
हेमंत सोरेन ने की सोनिया गांधी से मुलाकात
वहीं दूसरी तरफ हेमंत सोरेन ने शनिवार को दिल्ली में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी से मुलाकात की। मनी लॉड्रिंग मामले में जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद सोरेन पहली बार अपनी पत्नी कल्पना के साथ सोनिया गांधी से मिलने 10 जनपथ स्थित आवास पर पहुंचे।
हेमंत सोरेन का भाजपा पर निशाना
सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद हेमंत सोरेन ने कहा कि भाजपा न्यायपालिका को अपमानित कर रही है। इसके बाद झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने दिल्ली मुख्यमंत्री के आवास पर पहुंचकर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी से मुलाकात की।
विधानसभा चुनाव को लेकर कोई चर्चा नहीं
उन्होंने कहा कि जेल से आने के बाद सोनिया गांधी से मुलाकात नहीं हुई थी। इसलिए मिलने आया हूं। झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसे लेकर सोनिया गांधी से कोई बात नहीं हुई।
भाजपा के संविधान हत्या दिवस घोषित होने पर दिया जवाब
भाजपा के संविधान हत्या दिवस घोषित किए जाने के सवाल पर सोरेन ने कहा कि भारत के लोग बहुत सहनशील और सहयोगी होते हैं। वह बहुत सहते हैं और जब वे बर्दाश्त नहीं कर पाते तो वोट के जरिये अपनी बात रखते हैं। अरविंद केजरीवाल को अंतरिम जमानत के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि केजरीवाल को जल्द जमानत मिल जाएगी।