सिहानी गेट के अशोक नगर में एक नौकर कारोबारी के घर से लाखों की सात लाख रुपये की ज्वैलरी और नगदी चोरी कर रफूचक्कर हो गया। कारोबारी परिवार सहित मेरठ शादी समारोह में गए थे।
शनिवार देर रात घर लौटने पर चोरी का पता चला। इस बाबत सिहानी गेट कोतवाली में नौकर के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई है।
एसएचओ अशोक सिसौदिया ने बताया कि अशोक नगर बी-22 में कारोबारी राकेश कुमार परिवार केसाथ रहते हैं। शनिवार सुबह वह परिवार सहित मेरठ शादी समारोह में गए थे।
घर पर उनका बिहार निवासी नौकर विवेक था। देर रात करीब साढ़े 11 बजे घर पहुंचने पर आरोपी नौकर घर पर नहीं मिला। कमरों और अलमारी के ताले टूटे थे।
उन्होंने बताया कि नौकर अलमारी और लॉकर में रखी करीब 4 लाख रुपये की ज्वैलरी और तीन लाख रुपये चोरी कर ले गया। एसएचओ ने बताया कि पुलिस नौकर की तलाश में जुटी है।