-शालीमार बाग इलाके में हुई घटना, सीसीटीवी की जांच कर रही पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शालीमार बाग इलाके में कारोबारी के घर से करोड़ों के गहने चोरी होने का मामला सामने आया है। आरोप घरेलू सहायिका पर है। अभी तक की जांच में पता चला है कि आरोपी महिला ने बहाना बनाकर अपना पुलिस सत्यापन नहीं करवाया था। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, बीक्यू ब्लॉक शालीमार बाग निवासी कारोबारी विजयपाल गुप्ता ने 19 अप्रैल को घर में हुई चोरी की शिकायत दी थी। उन्होंने घरेलू सहायिका पर चोरी का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि 17 अप्रैल को एक महिला को काम पर रखा था। उसने अपना नाम अनिता बताया था। सत्यापन की बात कहने पर आधार कार्ड देने की बात कही। दो दिन वह आधार कार्ड को लेकर बहाना बनाती रही, लेकिन 19 अप्रैल की सुबह करीब 10 बजे जब घर के लोग पूजा में व्यस्त थे, तभी अलमारी से करीब डेढ़ करोड़ रुपये के गहने और 4-5 लाख रुपये लेकर भाग गई। जांच में पता चला है कि महिला अपने साथ स्क्रूड्राइवर लेकर आई थी, जिसके उसने अलमारी का ताला खोला। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान पता चला है कि आरोपी महिला छह माह पहले भी एक कारोबारी के घर काम करने के दौरान चोरी की वारदात को अंजाम देकर भाग गई थी। पुलिस अभी तक आरोपी महिला को पकड़ नहीं पाई है।