- लक्ष्मी नगर की वारदात, फिलहाल पुलिस को 53 शिकायतें अब तक मिलीं, करोड़ों का मामला होने के कारण भेजा गया आर्थिक अपराध शाखा के पास
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। लक्ष्मी नगर इलाके में एक ज्वेलर करोड़ों रुपये का सोना और नकद लेकर फरार हो गया है। ज्वेलर के गायब होने का पता चलने पर पीड़ितों ने जे-एक्सटेंशन लक्ष्मी नगर में हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत करवाया।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि मंगलवार शाम तक 53 शिकायतें मिली हैं। इसके आधार पर करोड़ों रुपये की ठगी की आशंका है। मामला करोड़ों रुपये की ठगी से जुड़ा होने के कारण शिकायतकर्ताओं को आर्थिक अपराध शाखा भेजा गया। स्थानीय लोगों का दावा है कि आरोपी ज्वेलर ने 100 से अधिक लोगों को अपना शिकार बनाया है। इनमें ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं। लक्ष्मी नगर जे-एक्सटेंशन में गफ्फार ज्वेलर्स की दुकान करीब दो दशक से थी।
ठगी का तरीका
पीड़ित सौरभ गुप्ता ने बताया कि आरोपी ने पुराने सोने के बदले नए जेवरात बनवाने पर मेकिंग चार्ज मुफ्त करने का लालच दिया। उसने नए जेवरात पर भी मेकिंग चार्ज लेने की बात कही। आरोपी ने किस्तों पर सोना बेचना भी शुरू किया। उसने किटी पार्टी चलाकर महिलाओं को कमेटी में निवेश का लालच दिया। कुछ लोगों को आरोपी ने निवेश पर ब्याज भी दिया। करीब एक सप्ताह पहले आरोपी अपनी दुकान और मकान बेचकर गायब हो गया।