ग्रेटर नोएडा के जेवर से बुलंदशहर जाने वाले स्टेट हाईवे पर बुधवार रात करीब डेढ़ बजे कार सवार एक परिवार छह बदमाशों के तांडव का शिकार बना। बदमाशों ने हाईवे पर करीब ढाई घंटे तक बेखौफ होकर इस परिवार पर कहर ढाया और साथ ही ड्राइवर की हत्या भी कर दी। सारी वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने जो किया वो काफी चौंकाने वाला था।
आशंका है कि गैंगरेप और लूटपाट करने वाले ये 6 बदमाश पहले से ही हाईवे किनारे के खेतों में गड्ढे बनाकर या झाड़ियों में घात लगाकर छिपे हुए थे और मौका पाते ही इन्होंने पीड़ित परिवार पर हमला बोल दिया।
बदमाशों ने पहले तो परिवार के साथ लूटपाट की फिर इको कार सवार पूरे परिवार को ही हाईवे से करीब 400 मीटर दूर खेत में ले गए। यहां उन्होंने महिलाओं से एक-एक कर गैंगरेप किया और ड्राइवर शकील की हत्या भी कर दी। लेकिन इनका ये कहर यहीं नहीं रुका।
इसके बाद बदमाश लूटे गए माल को लेकर दूर चले गए। चश्मदीदों का कहना है कि इसके बाद पुलिस से बैखौफ इन बदमाशों ने वहीं हाईवे पर लूटे गए माल को आपस में बांटना शुरु किया।
बंटवारे में जब किसी को कुछ कम पैसे मिले तो एक बदमाश ने वहां मौजूद अपने हर साथी की तलाशी भी ली कि कहीं किसी ने पैसे छिपा तो नहीं लिए। बदमाशों की इस हरकत से यह समझा जा सकता है कि इन्हें कानून का कोई डर नहीं था।