जेवर-पलवल मार्ग पर बुधवार रात से बृहस्पतिवार सुबह तक भीषण जाम लगा रहा। जेवर से झुप्पा बार्डर तक लगे जाम को प्रशासन ने आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया। आए दिन लगने वाले जाम से जेवर सहित आसपास के हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आए दिन हरियाणा बॉर्डर से जेवर कस्बे तक जाम लगता रहा है। बृहस्पतिवार सुबह तक लगे जाम की वजह से वाहनों की कतार यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर इंटर चेंज पहुंच गई। यमुना एक्सप्रेसवे की दो लेन पर वाहनों की लंबी कतार लग दिखी।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर एनएच-2 से दिल्ली में नो एंट्री हो गई है, जिससे जेवर से पलवल मार्ग पर वाहनों दबाव काफी बढ़ गया है। बुधवार रात को जेवर पलवल मार्ग पर हामिदपुर और पिपली के बीच दो लोडेड ट्रक बरारबर में आकर खराब हो गए, जिसकी वजह से सिकंद्राबाद, बुलंदशहर की तरफ से आने वाले वाहनों की लाइन जेवर कस्बे को पार करती हुई यमुना एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज तक जा पहुंची। इससे इंटरचेंज से आने जाने वाले वाहनों का रास्ता रुक गया।
दूसरी तरफ पलवल से आने वाले वाहनों की कतार झुप्पा को पार करते हुए यमुना पुल (हरियाणा बॉर्डर) तक जा पहुंची। अलीगढ़ जिले का मामला होने की वजह से जेवर पुलिस इंतजार करती रही, लेकिन सुबह जेवर पुलिस प्रशासन ने किसी तरह दोनों खराब ट्रकों को हटाकर जाम से लोगों को निजात दिलाई।
दो जिलों तकी सीमा होने से अधिकारी नहीं दिखाते तत्परता
जेवर से पलवल मार्ग जेवर से गोपालगढ़ तक गौतमबुद्ध नगर की सीमा का क्षेत्र है। उसके बाद स्यारौल हामिदपुर पीपली अलीगढ़ जिले की सीमा का क्षेत्र है। उसके बाद फिर से जेवर कोतवाली का क्षेत्र झुप्पा शुरू हो जाता है। जाम लगने के बाद दोनों जिले के अधिकारी जाम की वजह एक दूसरे के क्षेत्र में बता कार्रवाई करने से बचते हैं। ऐसे में यात्रियों व वाहन चालकों को मुसीबत का सामना करना पड़ता है।
हामिदपुर से आगे रपटा में बुधवार रात को दो लोडेड ट्रक खराब होने से दोनों तरफ जाम लग गया। बृहस्पतिवार सुबह किसी तरह से दोनों ट्रकों को हटवाकर जाम को खुलवा दिया गया है। कस्बे को छोड़कर एक्सप्रेसवे पर जाम से किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई है। वैसे जाम अलीगढ़ के टप्पल थाना क्षेत्र में ट्रक खराब होने से लगा था। - बाबर रजा जैदी, कोतवाली प्रभारी जेवर।