दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारी में जनता दल (यूनाइटेड) भी जुट गया है। पार्टी राजधानी में जनसभा, कार्यक्रम और संपर्क अभियान शुरू कर चुकी है। बृहस्पतिवार को पूर्वी दिल्ली इलाके की जोशी कॉलोनी में आगामी चुनाव को ध्यान में रख जनसभा हुई। इस मौके पर जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव, सांसद अनिल साहनी, रामनाथ ठाकुर, प्रदेश जेडीयू उपाध्यक्ष मिथिलेश प्रसाद समेत कई नेताओं ने शिरकत की।
जनसभा में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा सांसद साध्वी निरंजन ज्योति के विवादित बयान पर भी जमकर निशाना साधा। जेडीयू नेताओं ने कहा कि भाजपा को महज 30 प्रतिशत लोगों ने वोट दिया है।
ऐसे में साध्वी निरंजन ज्योति ने 70 प्रतिशत लोगों पर अभद्र बयान दिया। जनसभा में 22 दिसंबर को प्रस्तावित रैली को लेकर भी चर्चा हुई। पार्टी सूत्रों का कहना है कि दिल्ली के जंतर मंतर पर आयोजित रैली में हाल के दिनों में ही एक मंच पर आए जनता परिवार के सभी कार्यकर्ता भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे। सूत्रों के मुताबिक रैली में समाजवादी पार्टी, जेडीयू, राष्ट्रीय जनता दल, इनेलो समेत कई पार्टी के कार्यकर्ता व वरिष्ठ नेता शिरकत करेंगे।