-एटा, यूपी के लिए उपयोगी।
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दक्षिण दिल्ली के लोधी कॉलोनी थाना क्षेत्र में दयाल सिंह कॉलेज के पास नाला सफाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। जेसीबी मशीन नाला सफाई करते हुए पलट गई और उसका चालक अभिषेक (23) उसके नीचे दब गया। उसे एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लोधी कॉलोनी थाना पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू की है।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि लोधी कॉलोनी थाना पुलिस को 15 अप्रैल को एक पीसीआर मिली थी कि दयाल सिंह कॉलेज के पास एक कंस्ट्रक्शन साइट पर हादसा हो गया है, जहां नाला सफाई के काम के दौरान एक जेसीबी मशीन पलट गई। सूचना के बाद लोधी कॉलोनी थानाध्यक्ष टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस जेसीबी ऑपरेटर अभिषेक मशीन के नीचे दबने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। पीसीआर ने उसे तुरंत एम्स के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक उत्तर प्रदेश के एटा का रहने वाला था और साइट पर ठेकेदार के लिए जेसीबी ऑपरेटर के तौर पर काम कर रहा था।