फरीदाबाद ओल्ड स्टेशन पर अब यात्रियों को अनारक्षित टिकट के लिए टिकट काउंटर पर लंबी लाइन में नहीं खड़ा होना पड़ेगा।
रेलवे से अनुमति मिलने के बाद ओल्ड स्टेशन के बाहर एक जेटीबीएस सेंटर (जनसाधारण टिकट बुकिंग सेंटर) शुरू हो गया है। एक रुपये अतिरिक्त शुल्क देकर कहीं का भी अनारक्षित टिकट प्राप्त किया जा सकता है।
ज्ञात हो कि ओल्ड रेलवे स्टेशन पर अभी तीन काउंटर संचालित किए जाते हैं। जिनमें से दो एनआईटी-तीन की ओर जबकि एक प्लेटफार्म नंबर-4 की ओर स्थित है।
यह भी पढ़ें: जानिए फरीदाबाद का सट्टा बाजार किसको दे रहा है 'वोट'
यात्रियों की अपेक्षा टिकट काउंटर कम होने से पीक आवर्स में टिकट लेने के लिए भीड़ लगी रहती है। कई बार तो भीड़ को कंट्रोल करने के लिए आरपीएफ की मदद लेनी पड़ती है।
भीड़ अधिक होने पर बड़ी संख्या में यात्रियों को बेटिकट सफर करना पड़ता है। फरीदाबाद सेक्शन के कॅमर्शियल इंस्पेक्टर राजेश कुमार का कहना है कि बृहस्पतिवार से ओल्ड स्टेशन पर नया जेटीबीएस सेंटर शुरू हो गया है।
यहां से यात्री एक रुपये अतिरिक्त शुल्क देकर अनारक्षित टिकट प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि उक्त सेंटर पहले भी चल रहा था लेकिन पिछले साल उसका अनुबंध खत्म हो जाने के कारण बंद कर दिया गया था।