जामिया हमदर्द यूनिवर्सिटी में तीन दिवसीय साहित्योत्सव ‘जश्न-ए-अदब’ का आगाज शुक्रवार से होगा। इसके जरिये छात्रों को भारतीय संस्कृति के मूल्यों से अवगत कराने और पढ़ाई के तनाव को कम करने का प्रयास किया जाएगा। उत्सव 3 मार्च तक चलेगा।
छात्रों को कविताओं और शायरी के साथ-साथ अभिनेत्री शबाना आजमी, कैफी आजमी और जावेद अख्तर जैसे कलाकारों से भी रूबरू होने का मौका मिलेगा। अमर उजाला कार्यक्रम का मीडिया पार्टनर है।
उप-कुलपति प्रोफेसर डॉ. सयैद एहतेशाम हुसनैन के मुताबिक यूनिवर्सिटी में साहित्योत्सव का दूसरा आयोजन है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्रों पर बढ़ रहे पढ़ाई के तनाव को दूर करना और उन्हें पढ़ाई के साथ ही जीवन के अन्य मूल्यों के अवगत कराना है। उत्सव में छात्रों की प्रतिभा को आगे लाने के लिए ओपन माइक सेशन भी आयोजित होगा।
पहले दिन खुशबीर सिंह शाद की पुस्तक ‘हवा पत्ते उड़ाती जा रही है’ का विमोचन होगा। इसके साथ ही ‘थियेटर और सिनेमा कितने दूर कितने पास’ पर चर्चा होगी। दर्शकों को शाम-ए-सूफियाना में ..तो से नैना मिलाय के, महफिल में कादरी मुस्तफा खान और साबरी ब्रदर्स की कव्वाली का लुत्फ उठाने का भी मौका मिलेगा।
उत्सव के दूसरे और तीसरे दिन उर्दू कविताओं के कार्यक्रम बैतबाजी, यूथ मुशायरा, रेडियो की सामाजिक जिम्मेदारियां, मजहिया मुशायरा, कैफी आजमी की पेशकश व सिनेमा और हिन्दुस्तानी समाज के मुद्दे पर शबाना आजमी और जावेद अख्तर से वार्ता होगी।