दिल्ली के जामिया मिल्लिया के छात्रों- बाबर और सद्दाम की हत्या से दोनों परिवार पहले ही टूट गए हैं। वहीं हत्यारोपी अब भी पीड़ित परिजन से फिरौती मांग रहे हैं। रविवार को हत्यारोपियों ने सद्दाम के मोबाइल से उसके भाई को फोन कर फिरौती मांगी और रकम न देने पर धमकाया।
घटना से डरे पीड़ित परिजनों ने पुलिस को यह जानकारी दी। उधर, पुलिस ने जब सद्दाम के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की तो पहले नोएडा मिली और अब राजस्थान में मिल रही है। पुलिस फरार आरोपी हैदर और उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।
मेरठ के मुडाली थाना क्षेत्र के जसौरा गांव निवासी बाबर और सद्दाम जामिया मिल्लिया में पढ़ते थे। बाबर का गांव की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी युवती से हत्यारोपी हैदर भी प्रेम करता था।
बाबर को अपने रास्ते से हटाने के लिए हैदर ने अपने ही गांव के तांत्रिक अय्युब को 10 लाख रुपये और एक प्लॉट का लालच देकर बाबर और उसके दोस्त की हत्या करा दी।
आरोप है कि तांत्रिक ने 9 अप्रैल को नोएडा के छिजारसी में बुलाकर दोनों की गला दबाकर हत्या कर दी और दोनों शवों को गाजियाबाद के डासना-मसूरी नहर में फेंक दिया। पुलिस ने 15 अप्रैल को शव बरामद कर हत्यारोपी अय्यूब को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि हैदर की तलाश में जुटी है।
रविवार को हत्यारोपियों में किसी ने सददाम के मोबाइल से उसके भाई कासिम को फोन कर फिरौती मांगी है। फोन पर बदमाश ने कहा कि यह अच्छा नहीं किया, बिना फिरौती दिए ही बाबर और सद्दाम का शव ले गए।
इसका खामियाजा भुगतना पडे़गा। मुडाली थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि आशंका है कि हत्यारोपियों के पास ही सद्दाम का मोबाइल है उनकी तलाश में टीमें छापेमारी कर रही है।