-वैश्विक स्तर पर 334वें स्थान पर पहुंचा विश्वविद्यालय, भारत में 13वीं और एशिया में 192वीं रैंक
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने यूआई ग्रीनमेट्रिक वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 में दुनिया भर में 334वां स्थान हासिल किया है। वर्ष 2025 में जामिया 376वें स्थान पर था। इस तरह जामिया ने एक साल में 42 पायदान की छलांग लगाई है। जामिया को भारत में 13वां और एशिया में 192वां स्थान मिला है।
यूआई ग्रीनमेट्रिक रैंकिंग में विश्वविद्यालयों का मूल्यांकन कैंपस सस्टेनेबिलिटी, पर्यावरणीय जिम्मेदारी, संसाधन संरक्षण, ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर और सतत विकास से जुड़े विभिन्न मानकों के आधार पर किया जाता है। जामिया कुलपति प्रो. मजहर आसिफ ने इस उपलब्धि के लिए शिक्षकों, छात्रों, शोधकर्ताओं, पूर्व छात्रों और कर्मचारियों को बधाई दी। रजिस्ट्रार प्रो. मो. महताब आलम रिजवी ने भी इसे विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय बताया। वहीं जामिया ने इस उपलब्धि के लिए आईक्यूएसी की निदेशक प्रो. रफत परवीन और उनकी टीम के योगदान की भी सराहना की।