पंजाब में चल रहे आतंकी हमले के दौरान ही दिल्ली में जैश ए मोहम्मद के दो आतंकियों के घुसने और आतंकी हमले को अंजाम देने की बात भी सामने आई है। खतरे को देखते हुए अलर्ट जारी कर दिया गया है।
इस बीच दिल्ली के पुलिस कमीश्नर बीएस बस्सी ने दिल्ली वालों से अपील की है कि जैसे ही उन्हें कोई संदिग्ध सामान दिखे इसकी सूचना वो 100 और 1090 नंबर की हेल्पलाइन पर तुरंत दें।
सूत्रों के मुताबिक जैश ए मोहम्मद के दो आत्मघाती आतंकी दिल्ली में घुस चुके हैं और वो पठानकोट की तरह ही बड़े हमले की फिराक में हैं। हाल ही में खुफिया एजेंसियों ने भी यह जानकारी दी थी कि पाकिस्तानी आतंकी कश्मीर में अपने कमांडर की मौत का बदला लेने की फिराक में हैं।
बता दें कि पिछले साल 29 अक्टूबर को जम्मू कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षा बलों ने लश्कर के वरिष्ठ कमांडर अबु कासिम को मार गिराया था जिसके बाद से ही आतंकी संगठन हमले की फिराक में हैं।
कासिम को पांच अगस्त को ऊधमपुर में सीमा सुरक्षा बल के काफिले पर हुए हमले का मुख्य साजिशकर्ता बताया जाता है। इस आतंकी हमले में दो जवानों की मौत हुई थी।
ये भी पढें : 72 घंटे में ट्रेन उड़ाने की धमकी के बाद ऐसे चल रहा तलाशी अभियान
बढ़ाई गई ऐतिहासिक स्थलों की सुरक्षा
इससे पहले रविवार सुबह ही मुंबई एटीएस को एक ईमेल के जरिए सूचना दी गई कि दिल्ली से कानपुर जाने वाली रेलगाड़ियों में से किसी भी ट्रेन में अगले 72 घंटों में बम विस्फोट किया जा सकता है।
सूचना मिलते ही दिल्ली रेलवे स्टेशन सहित एनसीआर के अन्य रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को और सतर्क कर दिया गया। साथ ही दिल्ली रेलवे स्टेशन पर आने जाने वाले यात्रियों सहित ट्रेनों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
दिल्ली में जैश के आतंकियों के घुसे होने की सूचना के बाद प्रमुख बाजारों सहित ऐतिहासिक इमारतों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। साथ ही दिल्ली में आने-जाने वाले वाहनों सहित विभिन्न स्थानों पर भी पुलिस द्वारा तलाशी का काम शुरु कर दिया गया है।
निशाने पर हैं ये शहर
वहीं, नए साल के आयोजन शुरु होने से पहले खुफिया विभाग द्वारा जारी अलर्ट में स्पष्ट किया गया था कि पाकिस्तानी आतंकी भारत के कई शहरों और नामी हस्तियों को निशाना बनाने की फिराक में हैँ।
इन हमलों को अंजाम देने के लिए कई आत्मघाती आतंकियों को भारतीय सीमा में घुसाने की कोशिश की जा रही है। हालांकि शनिवार को पठानकोट में हुए आतंकी हमले के बाद इस आशंका को बल मिला है कि इस तरह की और भी घटनाएं देश में हो सकती हैं।
नया साल शुरु होने से पहले खुफिया जानकारी जारी करते हुए बताया गया था कि फिलहाल जम्मू कश्मीर और पंजाब आतंकियों के मुख्य निशाने पर हैं। साथ ही दिल्ली, उत्तर प्रदेश, जयपुर, बंगलुरू, गोवा और कोलकाता में भी आतंकी हमलों को अंजाम दिया जा सकता है।
आतंकियों के निशाने पर केवल भारतीय शहर ही नहीं बल्कि प्रधानमंत्री मोदी सहित देश के कुछ बड़े नेता भी हैं। हालांकि इस बारे में देश भर की सुरक्षा एजेंसियों सहित राज्यों को भी अलर्ट जारी कर दिया गया है।