गुड़गांव का ओबेरॉय होटल बॉलीवुड के मशहूर एक्टर शाहिद कपूर की शादी का गवाह बनने जा रहा है। 7 जुलाई को इसी होटल में शाहीद और दिल्ली की मीरा राजपूत शादी के बंधन में बंध जाएंगे।
क्या आप जानते हैं कि मीरा-शाहिद की शादी और करीना-सैफ की शादी में एक चीज कॉमन है। जी हां, दोनों की शादियों में जयपुर का जायका सभी मेहमानों के स्वागत के लिए तैयार हो रहा है।
सैफ करीना की शादी की तरह इस शादी में भी जयपुर का मसाला पान मेहमानों की आवभगत के लिए परोसा जाएगा। मजे की बात तो ये है कि उसी दुकान से पान मंगवाए जा रहे हैं जहां से सैफ-करीना के शादी के लिए मंगवाए गए थे।
सेलिब्रेटी की इस शादी में होगा एक खास स्टॉल
मीरा और शाहिद की शादी में जयुपर के मसाला पान की 15 वैरायटी परोसी जाएगी। हालांकि इसके साथ ही शादी में भारतीय और कॉन्टीनेंटल खानों का भी इंतजाम किया गया है।
मेहमानों के लिए होटल में एक खास स्टॉल बनाया जा रहा है जहां पर जयपुरिया मसाला पान का आनंद उठाया जा सकेगा। असल में जयपुर के अन्नू पान भंडार के चाहने वाले बॉलीवुड में भरे पड़े हैं।
अभिषेक और ऐश्वर्या राय बच्चन से लेकर शिल्पा शेट्टी और बॉबी देओल अन्नू पान भंडार के रेग्यूलर ग्राहकों में शामिल हैं। शाहिद और मीरा की शादी में परंपरागत पान के साथ खजूर पान भी परोसा जाएगा जिसमें सूखे मेवों का इस्तेमाल किया जाता है।
चॉकलेट फ्लेवर वाला पान भी होगा सर्व
चॉकलेट फ्लेवर पसंद करने वालों के लिए भी पान के स्टॉल पर इंतजाम किया गया है। सौंफ, इलायची और गुलकंद से भरे इस पान के जोड़े को चॉकलेट फ्लेवर में डूबो कर परोसा जाएगा।
इसके अलावा शादी में पान पोटली पान, लड्डू पान, मैंगो पान, ऑरेंज पान के साथ परंपरागत मसाला पान मेहमानों के स्वागत के लिए परोसे जाएंगे। शादी के लिए कार्ड छप चुके हैं और तैयारियां अंतिम चरण में हैं।