रविवार को शहर में जगन्नाथ रथ यात्रा निकलेगी, जो दोपहर करीब एक बजे से नवयुग मार्केट से शुरू होकर देर शाम राजनगर इस्कॉन मंदिर पर खत्म होगी। लिहाजा रूट देखकर निकलें, जाम मिल सकता है।
दरअसल, यात्रा जिन-जिन मार्गों से होकर गुजरेगी, उन मार्गों पर यात्रा के दौरान कुछ देर के लिए ट्रैफिक पुलिस वाहनों की आवाजाही रोक देगी।
इसके अलावा कई स्थानों पर ट्रैफिक वनवे भी करना पड़ेगा। इससे अंबेडकर रोड और हापुड़ रोड पर यातायात व्यवस्था ज्यादा प्रभावित हो सकती है।
टीआई अनिल कुमार ने बताया कि रथयात्रा नवयुग मार्केट से शुरू होगी, जो मीणामल की धर्मशाला होते हुए हापुड़ रोड, दिल्ली गेट, चौपला, हनुमान मंदिर, डासना गेट, रमते राम रोड, मालीवाड़ा चौक, बसंत चौक, होली चाइल्ड स्कूल, नासिरपुर क्रॉसिंग, कविनगर रामलीला ग्राउंड, केडीबी स्कूल, इंग्राहम चौक, हरे कृष्ण मार्ग होते हुए राजनगर इस्कॉन मंदिर पहुंचेगी।
लिहाजा इन मार्गों पर ट्रैफिक रोक दिया जाएगा। यात्रा निकलने के बाद ही ट्रैफिक चालू किया जाएगा। टीआई ने बताया कि रथ यात्रा और भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन में और परिवर्तन किया जा सकता है।
यातायात को कंट्रोल करने के लिए बड़ी तादाद में पुलिस फोर्स की व्यवस्था की गई है। जिन-जिन रूटों से यात्रा गुजरेगी वहां कुछ देर के लिए ट्रैफिक वन-वे चलेगा।