नई दिल्ली।
बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज ने मंगलवार को कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सरकारी गवाह बनने की अपनी याचिका वापस ले ली। कोर्ट सूत्रों के अनुसार, जैकलीन की ओर से उनके वकील ने स्पेशल जज प्रशांत शर्मा के समक्ष दायर याचिका वापस लेने की जानकारी दी।
कल सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जैकलीन की इस याचिका का पुरजोर विरोध किया था। ईडी ने कोर्ट को बताया कि जैकलीन आरोपी सुकेश चंद्रशेखर के आपराधिक चरित्र से अवगत होने के बावजूद उसके साथ संपर्क बनाए रखे हुए थीं। यह मामला सुकेश चंद्रशेखर द्वारा कथित तौर पर विभिन्न लोगों से सैकड़ों करोड़ रुपये ठगने और उस पैसे को मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए सफेद करने का है। जैकलीन फर्नांडीज इस मामले में आरोपी के रूप में शामिल हैं। उन्होंने हाल ही में अप्रोवर बनकर ईडी की जांच में सहयोग करने की इच्छा जताई थी, जिस पर ईडी ने आपत्ति जताई थी। अभिनेत्री की याचिका वापस लेने के बाद अब मामले की सुनवाई सामान्य प्रक्रिया के अनुसार होगी।