गोल्ड इनवेंस्टमेंट को लेकर भले ही निवेशकों में असमंजस की स्थिति हो मगर विशेषज्ञों की राय बिल्कुल अलग है। उनका मानना है कि सोने में निवेश के लिए यह सबसे उपयुक्त समय है।
क्योंकि सोने का रेट वर्तमान में काफी निचले स्तर पर है। आने वाले समय में इसकी कीमत में और गिरावट की संभावना ना के बराबर है। आने वाले दिनों में इसकी कीमत बढ़ सकती है।
निवेश के क्षेत्र में गहरा ज्ञान रखने वालों का कहना है कि यह अक्षय तृतीया निवेश के लिए एक बेहतर अवसर है। उनकी सलाह है कि गहनों और सिक्कों के अलावा शेयर मार्केट के माध्यम से निवेश करना बेहतर साबित हो सकता है।
अक्षय तृतीय पर निवेश के उद्देश्य से अधिक खरीद
शेयर मार्केट विशेषज्ञ जीतेन्द्र यादव का कहना है कि शेयर मार्केट में निवेश करना सबसे सुरक्षित तरीका है। इसका दोहरा फायदा है। एक तो घर में सोना रखना और फिर उसकी सुरक्षा की चिंता खत्म हो जाती है।
दूसरे मेकिंग चार्ज के नाम पर यहां कोई कटौती नहीं की जाती है। निवेश विशेषज्ञ इंद्रजीत शुक्ला के मुताबिक निवेश का यही सही समय है। गुड़गांव ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष तिलक राज मलहोत्रा ने बताया कि अक्षय तृतीय पर निवेश के लिए अधिक खरीददारी की संभावना है।
दो दिनों से लोग बड़ी संख्या में फोन कर इस बारे में जानकारी ले रहे हैं। सोने के सिक्कों की अधिक खरीददारी होगी। यही कारण है कि सर्राफा बाजार में सिक्कों ने खनक अधिक दिखाई दे रही है।
काफी लोगों ने ऑर्डर भी बुक कियाa
वहीं गहनों में भी अधिक दिलचस्पी दिखाई दे रही है। मलहोत्रा बताते हैं कि अगर कोई गहने में निवेश करता है और बाद में उसे बेचता है तो मेकिंग चार्ज के तौर पर 10 से 15 प्रतिशत की कटौती की जाती है।
वहीं सिक्कों पर यह मेकिंग चार्ज तीन से चार फीसदी काटा जाता है। अक्षय तृतीया की पूर्व संध्या पर पर शहर के सरार्फा बाजार में अच्छी खासी रौनक रही।
बड़ी संख्या में लोग गहनों को पंसद करते देखे गए। वहीं काफी लोगों ने ऑर्डर भी बुक किया। सोमवार को सदर बाजार स्थित श्रीराम ज्वैलर्स,जिंदल ज्वैलर्स सहित गोल्ड सूक में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। पिछली अक्षय तृतीया पर सोने का रेट प्रति 10 ग्राम 29,000 रुपये अधिक था। इस बार रेट पिछली बार की अपेक्षा दो हजार रुपये कम है।