भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली और राजस्थान दोनों राज्यों की पुलिस को आतंकी गतिविधियों की आशंका होने के चलते सावधान कर दिया है।
गौरतलब है कि आईएस(इस्लामिक स्टेट) आने वाले त्योहारों के मौसम में दिल्ली और राजस्थान पर आतंकी हमले की योजना बना रहा है।
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार पुलिस के खुफिया दस्ते ने विशेष यूनिट को इस बारे में अलर्ट जारी किया है। पुलिस की यह विशेष यूनिट इस संबंध में और भी जानकारियां जुटा रही है।
आईएस और एयूटी के साथ से बढ़ा दिल्ली पर खतरा
दिल्ली के लिए जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक हमला मुजाहिदीन तरीके से किया जाएगा। कहा तो ये भी जा रहा है कि एक हमले में एक ही आतंकी शामिल होगा।
हालांकि खुफिया एजेंसियों ने अन्य तरीकों से हमला किए जाने की संभावना से भी इंकार नहीं किया है। बता दें कि आतंकी संगठन सिमी हमेशा छोटे समूहों में ही हमला करता थआ जिसे बाद में इंडियन मुजाहिदीन ने अपना लिया।
इस्लामिक स्टेट और अंसर-उल तवाहिद-फी-बिला-अल-हिंद (एयूटी) के एक साथ हो जाने के बाद से दिल्ली पर आतंकी हमले का खतरा बढ़ गया है। वैसे भी पिछले कुछ समय से आईएस भारत पर हमले की अपनी मंशा जताता रहा है।
पिछले साल भी दी थी धमकी
बता दें कि एयूटी संगठन ने ही पिछले साल सितंबर में 2008 के बाटला हाउस मुठभेड़ का बदला लेने की धमकी दी थी। इसके संबंध में उसने सोशल मीडिय पर संदेश भी जारी किया था जिसमें उसने बाटला हाउस में मारे गए आतंकियों को शहीद का दर्जा दिया था।
दरअसल एयूटी इंडियन मुजाहिदीन की ही एक शाखा है। इसमें अफगानिस्तान-पाकिस्तान और आईएम के आतंकी शामिल हैं। कुछ समय पहले एयूटी ने आईएस से हाथ मिला लिया है।
इसके साथ ही सुरक्षा एजेंसियों ने आगामी खतरे और आईएस द्वारा संभावित भर्तियों के सिलसिले में भी दिल्ली पुलिस को सतर्क किया है। आईएस सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को भड़काने और उन्हें अपने संगठन में शामिल करने की कोशिश कर रहा है।
दिल्ली है सभी आतंकी संगठनों के निशाने पर
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि खुफिया एजेंसियों के पास पूरी सूची है जिन युवाओं से आईएस और एयूटी से संपर्क साधा।
एजेंसियों ने दिल्ली पुलिस से इन संगठनों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने को कहा है। पिछले साल भी एयूटी ने कई आईएस आतंकियों के विडियो इंटरनेट पर जारी किए थे। जिनमें भारत के खिलाफ जिहादी नारा बुलंद करते दिखाया गया था।
इनके अलावा भी, दिल्ली को लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे संगठनों से भी खतरा बना हुआ है।