नौसेना में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे वित्त मंत्री।
- फोटो : अमर उजाला
एक तरफ केंद्र सरकार टैक्स की दरों से राहत देने पर विचार कर रही है तो दूसरी तरफ टैक्स का दायरा बढ़ाकर अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की तैयारी में जुटी है। सोमवार को फरीदाबाद आए वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कई ऐसी सेवाओं को टैक्स के दायरे में लाने के संकेत दिए जो अब तक इससे बाहर हैं। नोटबंदी पर भी ज्यादा कुछ न बोलते हुए उन्होंने कहा कि अभी इंतजार करिए, आगे देखा जाएगा।
जेटली ने कहा कि प्रतिस्पर्धा घरेलू स्तर पर नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर है। वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए टैक्स जरूरी है। आने वाले समय में हमारे देश में टैक्स को लेकर लोग स्वयं नियमों के अनुकूल हो जाएंगे।
ऐसा माहौल बनाना होगा कि जिससे लोग स्वेच्छा से ही टैक्स का भुगतान करें। उन्होंने कहा कि टैक्स भरना लोगों का दायित्व है और इस दायित्व का निर्वाहन न करने वालों को गंभीर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए।
वित्त मंत्री ने कहा कि पिछले 70 वर्ष से धारणा बनी हुई थी कि सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाना व्यवसायिक सूझबूझ का हिस्सा है, लेकिन ऐसा सोचने वालों को अब अपनी सोच बदलनी होगी।
नोटबंदी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब को मुस्कुराते हुए वित्त मंत्री टाल गए, लेकिन उन्होंने इंतजार करने की बात कही। नोटबंदी को लेकर 31 दिसंबर की समयसीमा बढ़ाए जाने के सवाल पर उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि ‘देखते हैं’।
राष्ट्रहित में करें काम
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि देश की राजस्व वृद्धि तथा कर व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ करदाताओं की समस्याओं को हल करने में भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारियों की अहम भूमिका रहती है।
प्रशिक्षण प्राप्ति के बाद जब वे देश की सेवा में आएंगे तो हर फाइल उन्हें नया अनुभव दिलाएगी। उन्हें अपने भावी जीवन में राष्ट्रहित को तवज्जो देनी होगी। वित्त मंत्री सोमवार को सेक्टर 29 स्थित सीमा शुल्क एवं उत्पाद शुल्क राष्ट्रीय अकादमी (नौसेना) के 68वें बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों के समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षुु अधिकारी लगन एवं मेहनत से प्रशिक्षण प्राप्त करें। किसी भी प्रकार के प्रशिक्षण के दौरान शॉर्टकट से नहीं बल्कि कठिन परिश्रम से सफलता मिलती है। आज की तकनीक एवं सूचना प्रौद्योगिकी में कर व्यवस्था आसान हुई है।186 प्रशिक्षु अधिकारियों का प्रशिक्षण अगस्त 2018 तक चलेगा। नासेन के निदेशक पीके दास ने केंद्रीय वित्त मंत्री का स्वागत किया।
केंद्रीय उत्पाद शुल्क बोर्ड के चेयरमैन नजीब शाह ने कहा कि नासेन प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षुओं को एक अच्छे अधिकारी के साथ अच्छा नागरिक बनने का प्रशिक्षण भी दिया जाता है। नासेन की उपनिदेशक मीनू शुक्ला पाठक ने केंद्रीय मंत्री का आभार जताया।
इस दौरान केंद्रीय उत्पाद शुल्क बोर्ड की सदस्य वनजा सरना, अपर महानिदेशक रीना आर्य, अपर निदेशक चंद्रशेखर, फरीदाबाद नगर निगमायुक्त सोनल गोयल, राष्ट्रीय वित्त प्रबंधन संस्थान के निदेशक हर्ष कुमार मौजूद रहे।