ऑटो चालकों के वेरिफिकेशन अभियान में अब तक कुल 3200 ऑटो की नंबंरिंग की जा चुकी है। आज से उन सभी ऑटो के खिलाफ नोएडा पुलिस मुहिम चलाएगी जिन पर पुलिस की ओर से आवंटित किए गए नंबर अंकित नहीं किए गए होंगे। एसपी सिटी ने मामले में बिना नंबरिंग वाले ऑटो के चालान काटे जाने के सख्त निर्देश दिए हैं।
शहर में मौजूदा समय में करीब 10 हजार ऑटो चल रहे हैं। जिनमें शेयरिंग ऑटो भी शामिल हैं। अक्सर महिलाओं से जुड़े अपराध होने का आरोप ऑटो चालकों पर लगता है। महिलाओं के साथ बदसलूकी को लेकर ऑटो वालों की ज्यादा ही शिकायतें आती हैं।
लेकिन अधिकांश मामलों में पीड़िता को ऑटो का नंबर याद नहीं रख पाते हैं। शहर में ट्रैफिक संचालन करने में भी शेयरिंग ऑटो सबसे बड़े बाधक साबित हो रहे हैं। लिहाजा ऐसे ऑटो वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए 13 फरवरी से उनकी नंबरिंग करने की शुरुआत की गई।
ताकि कोई भी सवारी आसानी से ऑटो का नंबर याद रख पाए। ऑटो और ऑटो चालक से संबंधित सभी कागजातों की जांच करने के बाद उन्हें पुलिस द्वारा नंबर आवंटित किया गया और सभी ऑटो में आगे-पीछे और अंदर मिला कर कुल पांच स्थानों पर अंकित किया गया।
साथ ही ऑटो चालक के मालिक का नाम और नंबर भी लिखा गया। एसपी सिटी दिनेश यादव का कहना है कि आज से जिस भी ऑटो पर नंबर नहीं अंकित होगा उस ऑटो का चालान किया जाएगा। यह आदेश सभी थाना प्रभारियों को दे दिए गए हैं।