गुड़गांव में रात के समय हाईवे पर माल से भरे ट्रकों को लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) विवेक शर्मा ने बताया कि पटौदी-गुड़गांव रोड पर तीन युवक लूट की साजिश रच रहे थे।
सीआईए टीम ने तीनों बदमाशों को धर दबोचा। उनकी पहचान पलवल निवासी रुबी उर्फ मुबीन, मेवात के बड़वा निवासी नजमुद्दीन उर्फ बिल्लम, मोतिहारी (बिहार) निवासी दिनेश महतो के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें: नाबालिग का गैंगरेप करने वालों को 20 साल की सजा
गिरोह के सरगना रूबी को इससे पहले भी गुड़गांव पुलिस पकड़ चुकी है। जेल जाने के बाद वह फिर से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हो गया। मुबीन पर यहां के अलग-अलग थानों में लूट, डकैती और हत्या के एक दर्जन मामले दर्ज हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने इसी साल आठ जनवरी को पटौदी थाना क्षेत्र के गांव मऊ लोकरी में क्रेशर जोन से एक ट्रक को लूटने के अलावा जनवरी में ही झज्जर के कुलाना और सिलानी बाईपास से दो हाईवा डंपर लूटने की वारदात को कबूला है।
चार राज्यों की पुलिस ढूंढ रही थी रूबी को
दो साल पहले गुड़गांव में डकैती का मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने रूबी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उसने अपना नेटवर्क गुजरात और मध्यप्रदेश में बढ़ाते हुए यहां पर लूटपाट की कई वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने गुजरात में एक करोड़ के माल से लदे ट्रक को लूटा था। इसी साल जनवरी में गुजरात पुलिस की गिरफ्त से वह फरार हो गया था। तबसे गुजरात पुलिस उसके पीछे पड़ी हुई है। गुड़गांव पुलिस ने उसे वांछित अपराधी घोषित करते हुए दस हजार के इनाम की घोषणा कर दी थी। इसके अलावा मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश पुलिस भी उसकी गहन तलाश कर रही थी।