देश के कई राज्यों की महिलाओं को अपने झूठ के जाल में फंसाकर लाखों रुपये ठगने वाले शातिर अंतरराज्यीय ठग को गिरफ्तार कर दिल्ली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके चार बैंक खाते फ्रीज कर दिए हैं, जिसमें महिलाओं के धोखाधड़ी कर हासिल किए गए 4.5 लाख रुपये जमा किए गए थे।
पुलिस को आरोपी विकास ऊर्फ मोहित के विषय में एक महिला ने शिकायत की थी। महिला ने अपनी शिकायत में कहा था कि एक बार जब वह डाइवोर्स मैट्रीमोनी पर अपने लिए लड़का तलाश कर रही थी तो उसे एक शख्स मिला जो खुद को ब्रिटिश नागरिक बता रहा था।
उसने अपनी डिटेल भेजी और महिला से शादी करने का वादा किया। धीरे-धीरे उसने पीड़िता को मना लिया कि उसे कुछ पैसों की जरूरत है और पैसे मिलते ही वह उससे शादी कर लेगा। आरोपी ने महिला को सिर्फ व्हाट्सएप कॉल और चैट के जरिए संपर्क किया था। उसका विश्वास कर महिला ने उसे 1,21,900 रुपये उसके बैंक अकाउंट में भेज दिए। पैसे मिलने के बाद ही आरोपी ने महिला का फोन उठाना और मैसेज का रिप्लाई करना बंद कर दिया।
आरोपी के खिलाफ कोटला मुबारकपुर में आईपीसी की धारा 334/20, 420/34 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।