नई दिल्ली। फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट (एफएमजी) के छात्रों को दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने 12 अस्पतालों में इंटर्नशिप दी है। छात्र काफी समय से इंटर्नशिप का इंतजार कर रहे थे। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार युवा चिकित्सा पेशेवरों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर काम कर रही है। बता दें कि 275 इंटर्नशिप सीटों में से 68 सीटें राजधानी के सात टीचिंग अस्पतालों में आवंटित की गईं हैं। इसमें ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, अटल बिहारी वाजपेयी एवं डॉक्टर राम मनोहर लोहिया अस्पताल, लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज, वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज एवं सफदरजंग अस्पताल, हमदर्द इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च, डॉक्टर बाबा साहेब अंबेडकर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और एनडीएमसी मेडिकल कॉलेज शामिल हैं।
इसके अलावा 207 सीटें पांच नॉन-टीचिंग अस्पतालों में आवंटित की गई हैं। इनमें दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल, गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल (रघुबीर नगर), जयपुर गोल्डन अस्पताल, बीएलके-मैक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और सेंट स्टीफंस अस्पताल शामिल हैं। ब्यूरो