कोरोना वायरस से संक्रमित 10 हजार मरीजों के लिए दिल्ली ने रिलायंस कंपनी से इंटरनेट की सुविधा मांगी है। कंपनी से अपील की है कि वे अपनी सीएसआर गतिविधियों के तहत दिल्ली के सबसे बड़े सरदार वल्लभ भाई पटेल केंद्र में यह सुविधा दे सकते हैं।
इसे लेकर दक्षिणी जिला प्रशासन ने सोशल मीडिया पर भी कंपनी से मदद मांगी है। इसके बाद बुधवार को प्रशासन के समर्थन में अन्य लोगों ने भी यह सुविधा प्रदान करने की अपील की है।
दरअसल, केंद्र सरकार के साथ मैराथन बैठकों के बाद छतरपुर में 10 हजार बिस्तरों की क्षमता वाले एक केंद्र बनाने का फैसला हुआ। इस कोविड-केयर सेंटर के संचालन का जिम्मा इंडो-तिब्बत सीमा पुलिस यानी आईटीबीपी को दिया गया है।
कोविड केयर सेंटर बनाने के लिए जमीन राधा स्वामी सत्संग ब्यास ने दी है। कोविड केयर सेंटर के संचालन का जिम्मा गृह मंत्रालय ने आईटीबीपी को दिया। फर्श भारतीय रेलवे ने बनवाया है और सभी स्वयंसेवी संस्थाओं ने मिलकर बिस्तर इत्यादि दान किए हैं।
इसी क्रम में अब दक्षिणी दिल्ली जिला प्रशासन रिलायंस कंपनी से हर बिस्तर पर इंटरनेट की सुविधा पहुंचाने के लिए डाटा कनेक्टिविटी की सुविधा देने की अपील कर रहा है।
जिलाधिकारी बीएम मिश्रा का कहना है कि अभी तक उन्हें कोई जवाब नहीं मिला है। उम्मीद है कि बृहस्पतिवार शाम तक कुछ अपडेट पता चले। उन्होंने कहा कि कंपनी सीएसआर के तहत ऐसा कर सकती है। इसमें कोई अनिवार्यता नहीं है।