आगरा से नई दिल्ली जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस के पेंटो में खराबी आ गई। इस कारण ओल्ड स्टेशन पर थर्ड लाइन जाम हो गई। बल्लभगढ़ स्टेशन से ही ट्रेन में खराबी आनी शुरू हो गई थी और ओल्ड फरीदाबाद पहुंचते-पहुंचते ट्रेन का इंजन जवाब दे गया। ट्रेन पूरी तरह प्लेटफॉर्म पर भी नहीं आ पाई थी। इससे पहले पेंटोग्राफ नीचे हो गया और सप्लाई मिलनी बंद हो गई।
इंटरसिटी एक्सप्रेस पलवल स्टेशन से 8:40 बजे पहुंची। पलवल से निकलने के साथ ही दिक्कत होना शुरू हो गई। इंजन का पेंटो बार-बार अपनी पॉजिशन छोड़ रहा था। इसके कारण इंजन को सप्लाई मिलने में दिक्कत आ रही थी।
इसी के कारण पलवल से फरीदाबाद पहुंचने में ट्रेन को डेढ़ घंटा लग गया। ओल्ड स्टेशन पर ट्रेन सुबह करीब 10:10 बजे प्लेटफॉर्म नंबर एक पर ली गई। ट्रेन पूरी तरह प्लेटफॉर्म पर आ भी नहीं पाई थी कि उससे पहले पेंटो पूरी तरह नीचे गिर गया और ट्रेन का इंजन बंद हो गया।
इसी के चलते थर्ड लाइन से आ रही कोसीकलां. गाजियाबाद शटल भी आउटर पर खड़ी रहीं। काफी समय तक कोशिश करने के बाद पेंटो ठीक हो गया और 10:30 बजे ट्रेन रवाना हुई। इससे दैनिक यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।