गणतंत्र दिवस पर जब पूरा राष्ट्र तिरंगे की शान में मर-मिटने की सौगंध खा रहा था, तभी पावर कारपोरेशन में इसका अपमान किया जा रहा था। यह तिरंगा फहराने के बाद घटों जमीन पर पड़ा रहा। इस दौरान लोगों ने फोटोग्राफ लेकर अफसरों को सूचना दी।
लोनी क्षेत्र के बलरामनगर पावर स्टेशन पर रविवार को ध्वजारोहण हुआ था। लोगों ने सोमवार को देखा कि राष्ट्रध्वज बिल संकलन केंद्र के बाहर जमीन पर पड़ा है। राष्ट्रध्वज के अपमान की खबर पर लोग एकत्रित हो गए और फोटोग्राफी करके अफसरों को सूचना दी।
इसके बावजूद किसी ने इसको गंभीरता से नहीं लिया। मंगलवार को लोगों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कमिश्नर, मुख्यमंत्री, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को भी इसकी जानकारी भेजी है। इससे पावर कारपोरेशन में हड़कंप मचा है।
हिंदुस्तान निर्माण दल के पदाधिकारी धर्मेंद्र निर्माण का कहना है कि राष्ट्रध्वज जमीन पर पड़ा रहा और कई लोगों के पैर इस पर पड़े। यह गंभीर अपराध है। एसडीओ पर इसके लिए कार्रवाई की जानी चाहिए। जेई योगेश गुप्ता का कहना है कि फहराया गया ध्वज सुरक्षित रखा है। यह ध्वज वहां कैसे पहुंचा इसकी जानकारी नहीं है।