नसबंदी कालोनी में सोमवार रात एक व्यक्ति ने पिता-पुत्री के रिश्ते को शर्मसार कर दिया। पिता ने सोमवार रात शराब के नशे में अपनी 10 वर्षीय मासूम बेटी के साथ रेप किया।
पति की इस हरकत से शर्मसार महिला ने मंगलवार को उस पर बेटी से रेप का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पिता मजदूरी करता है और नसबंदी कालोनी में पत्नी, तीन बेटी और दो बेटों के साथ रहता है।
शराब के नशे में आया था घर
पत्नी का आरोप है कि सोमवार रात वह शराब के नशे में घर लौटा था। इस दौरान वह चुपके से दूसरे कमरे में सो रही 10 वर्षीय बेटी के पास पहुंचा और उसके साथ दुष्कर्म किया।
बेटी के चिल्लाने पर सभी दूसरे कमरे में पहुंचे। सबको कमरे में आता देख वह घर से भाग गया। मंगलवार सुबह मां मासूम बेटी को लेकर थाना लोनी पहुंची और पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
सीओ लोनी अनिल कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत पर दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बच्ची बोली, पापा ने किया गंदा काम
बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आनी बाकी है। बच्ची ने पुलिस को बताया कि पिता ने उसके साथ गंदा काम किया है।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित बच्ची सभी संतानों में सबसे बड़ी हैं। मां के पूछने पर बेटी ने बताया कि नशे की हालत में पिता अक्सर उसके साथ छेड़छाड़ करता था।
मां ने कहा कि पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।