-पीड़ित कैदी की शिकायत पर हर्ष विहार थाना पुलिस ने दर्ज किया मामला, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मंडोली जेल में पैसे देने से इन्कार करने पर एक कैदी पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। मंडोली जेल संख्या-15 में बंद विचाराधीन कैदी ने जमानत पर बाहर जाने के दौरान दूसरे कैदी से पैसे की मदद मांगी। पैसे नहीं होने की बात कहने पर उसने कैदी अमनिंदर पर नुकीले हथियार से हमला कर दिया। हर्ष विहार पुलिस पीड़ित कैदी के बयान पर मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक घायल कैदी 35 साल का अमनिंदर फतेहगढ़ साहिब पंजाब का रहने वाला है। हर्ष विहार थाने में दर्ज प्राथमिकी में अमरिंदर ने बताया कि 21 जून की शाम करीब 5.15 बजे वह जेल के वार्ड संख्या-दो (बी-ब्लॉक) से गुजर रहा था, तभी जाकिर नाम के एक कैदी ने उसे रोका। जाकिर ने उसे बताया कि उसकी जल्द ही जमानत होने वाली है और उसे बाहर जाने के लिए पैसों की जरूरत है। अमनिंदर ने पैसे नहीं होने की बात कहकर पैसे देने से इन्कार कर दिया।
इनी बात पर जाकिर नाराज हो गया और उसने नुकीले हथियार से उस पर हमला कर दिया। घायल अमनिंदर वहां से जान बचाकर भागा, लेकिन आरोपी ने पीछा कर उसके चेहरे और गर्दन पर वार कर दिया। घायल कैदी को तुरंत जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची लेकिन, उस समय घायल कैदी बयान देने की हालत में नहीं था। जांच में पता चला कि उसके गाल, ठुड्डी और गर्दन पर गहरे घाव हैं। उत्तर पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि दाे दिन बाद पीड़ित कैदी के बयान पर आरोपी के खिलाफ गंभीर चोट पहुंचाने का मामला दर्ज कर लिया गया है।