बृजविहार में ज्वेलरी शॉप संचालक की मौत के बाद परिजनों ने राधाकुंज चौकी पर रविवार को जमकर हंगामा किया। ज्वेलर को लेनदेन के विवाद में पड़ोस के लोगों ने बुधवार को बुरी तरह पीट दिया।
हमलावरों ने हाथापाई के दौरान शटर खोलने वाली कमानी से सिर पर वार कर दिया। परिजनों ने ज्वेलर को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां रविवार को उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि चौकी इंचार्ज ने हत्या का मामला दर्ज करने की बजाय, मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर किया है।
बृजविहार स्थित डबल स्टोरी फ्लैट बी-373/ए में नगीना वर्मा (65) रहते थे। वह कालोनी में ही ज्वेलरी शॉप चलाते थे। उनका छोटा बेटा पिंटू भी ज्वेलरी शॉप चलाता है।
पिंटू का पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति से छह हजार रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। पांच फरवरी की शाम नगीना वर्मा अपने बेटेे पिंटू और बहन किरण के साथ दुकान पर बैठे थे।
इसी बीच में पड़ोस रहने वाला व्यक्ति पत्नी के साथ दुकान पर आया। दोनों ने पैसे को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई।
इस दौरान पड़ोसी ने शटर को उठाने वाली चाबी से नगीना वर्मा पर वार किया, जिससे वह बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें पास के निजी अस्पताल में ले जाया गया।
हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली स्थित जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उपचार के दौरान रविवार सुबह उनकी मौत हो गई।
परिजन रविवार को हत्या की शिकायत लेकर पहुंचे, लेकिन पुलिस ने मामला मारपीट की धाराओं में दर्ज दिया। इससे नाराज परिजनों ने चौकी पर हंगामा काटा।
राधा कुंज प्रभारी कवीष कुमार के अनुसार मारपीट की शिकायतों के आधार पर पहले मामला मारपीट में दर्ज कर लिया गया था। शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद धाराएं बढ़ा दी जाएंगी।