विधान सभा चुनाव में ड्यूटी कटवाना अब कर्मचारियों के लिए आसान नहीं होगा, क्योंकि चुनाव में मतदाता कर्मचारियों की ड्यूटी संबंधी जानकारी ऑनलाइन होगी।
ऐसे में जिला प्रशासन को ड्यूटी काटने के लिए अब चुनाव आयोग से अनुमति लेनी होगी। हर बार विधानसभा चुनावों में मतदान और मतगणना में लगने वाली चुनाव ड्यूटी से ऊंची पहुंच वाले कर्मचारी और अधिकारी अपना नाम हटवा लेते थे, लेकिन अब ऐसा संभव नहीं होगा।
चुनाव आयोग ने चुनाव में ड्यूटी देने वाले कर्मचारियों को ऑनलाइन करने की व्यवस्था की है। जनपद में जेवर, दादरी और नोएडा विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव से पहले चुनाव ड्यूटी के लिए प्रदेश सरकार के सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारियों की सूचना एकत्र की जा रही है।
विभाग के उच्चाधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जो अपने विभाग के प्रत्येक कर्मचारी की जानकारी ऑनलाइन करेगा। डाटा फीड होने के बाद कर्मचारियों की ऑनलाइन ड्यूटी लगाई जाएगी, जिससे ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों पर आयोग की सीधी नजर रहेगी।
अगर कोई कर्मचारी अशक्त है, तो उसे जरूरी सुविधा मुहैया कराकर उसके अनुसार चुनाव का कार्य सौंपा जाएगा। इसके तहत आयोग ने जिला प्रशासन को डाटा फीडिंग काआदेश दिया है। ऐसे लोगों की जानकारी जनपद में विकलांग कल्याण विभाग द्वारा दी जाएगी।
एक लाख मतदाता बनाने का लक्ष्य
जनपद में एक लाख मतदाता बनाने के लिए नई कॉलोनी, सोसायटी, कॉलेजों में आगामी माह से कैंप लगाए जाएंगे। अब तक दो दिनों में दस हजार नए मतदाता बनाए जा चुके हैं। हर हाल में 18 साल से अधिक आयु के लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।