रेलवे प्रशासन ने इंदौरा-देहरादून और ओखा एक्सप्रेस ट्रेनों के मोदीनगर रेलवे स्टेशन पर स्टॉपेज की अवधि छह माह बढ़ा दी है। इससे मोदीनगर व आसपास के क्षेत्रों के लोगों को राहत मिलेगी।
इन्हें इंदौर या देहरादून के लिए ट्रेन पकड़ने को गाजियाबाद, मेरठ या दिल्ली नहीं जाना होगा। मोदीनगर रेलवे स्टेशन पर इन ट्रेनों के आरक्षण दोबारा शुरू हो गए हैं।
स्टेशन अधीक्षक आरके शर्मा ने बताया कि फिलहाल इन दोनों ट्रेनों के स्टॉपेज की अवधि छह माह और बढ़ा दी गई है। इनकी बुकिंग फिर प्रारंभ कर दी गई है। इससे नगर व आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को देहरादून और इंदौर जाने के लिए मेरठ अथवा गाजियाबाद स्टेशनों से ट्रेन पकड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
बता दें कि क्षेत्रीय विधायक सुदेश शर्मा की पहल पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अजित सिंह की संस्तुति पर रेल मंत्रालय ने गत वर्ष तीन दिसंबर को इन दोनों ट्रेनों का स्टॉपेज की मंजूरी दी है।
परमिशन की अवधि एक जुलाई को पूरी हो गई थी जिसके चलते रेलवे जून में इन दोनों ट्रेनों की मोदीनगर से बुकिंग बंद कर दी थी। देहरादून एक्सप्रेस का शनिवार को तथा इंदौर देहरादून एक्सप्रेस का बुधवार को मोदीनगर स्टेशन पर दोपहर 12 से 12:30 बजे के बीच का दो मिनट का स्टॉपेज है।