अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
भारतीय डेयरी संघ के अध्यक्ष सुधीर सिंह ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक देश है और आने वाले वर्षों में वैश्विक दूध उत्पादन में उसकी हिस्सेदारी और बढ़ने की पूरी संभावना है। 2024–25 में देश का कुल दूध उत्पादन 247.87 मिलियन टन तक पहुंच गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3.58 प्रतिशत अधिक है।सुधीर सिंह के अनुसार प्रति व्यक्ति दूध उपलब्धता में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
2014-15 में जहां यह 319 ग्राम प्रतिदिन थी, वहीं 2024-25 में बढ़कर 485 ग्राम प्रतिदिन हो गई है, जो वैश्विक औसत 322 ग्राम (2023-24) से काफी अधिक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारत वैश्विक दूध उत्पादन में लगभग 25 प्रतिशत योगदान दे रहा है, जो 2047 तक 45 प्रतिशत तक पहुंच सकता है। डेयरी उद्योग को नई दिशा देने के उद्देश्य से 12 से 14 फरवरी तक दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में 52वां डेयरी इंडस्ट्री कॉन्फ्रेंस आयोजित होगा। सम्मेलन के साथ डेयरी एक्सपो भी लगेगा, जिसमें देशभर की प्रमुख कंपनियां और तकनीकी नवाचार प्रदर्शित किए जाएंगे। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान होंगे।