रेलवे स्टेशनों पर होली के त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ने दिल्ली क्षेत्र के पांच प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर अस्थायी रोक लगाने की घोषणा की है। यह व्यवस्था 26 फरवरी से तीन मार्च 2026 तक लागू रहेगी।
विज्ञापन
इस दौरान दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल और दिल्ली सराय रोहिल्ला पर प्लेटफॉर्म टिकटों की अस्थायी बिक्री पर रोक लगा दी गई है। वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांगजन, बीमार और महिला यात्रियों को छूट दी गई है। रेलवे ने यात्रियों से स्टेशन समय पर पहुंचने और भीड़ से बचने की सलाह दी है।
रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह प्रतिबंध आम परिस्थितियों में भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से लगाया गया है ताकि अनावश्यक लोगों की आवाजाही कम हो और वास्तविक यात्रियों को सुविधा मिल सके। हालांकि, इस दौरान कुछ विशेष श्रेणियों को छूट दी गई है।
विज्ञापन
वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, बीमार यात्रियों व अकेली महिला यात्रियों की सहायता के लिए आने वाले परिजनों को प्लेटफॉर्म टिकट प्रतिबंध से राहत दी जाएगी। रेलवे ने सुरक्षा व भीड़ प्रबंधन के तहत स्टेशन परिसरों में प्रवेश के लिए केवल निर्धारित गेटों का ही उपयोग करने की व्यवस्था की है। रेलवे ने यह भी संकेत दिया है कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त स्टाफ व सुरक्षा बलों की तैनाती भी की जाएगी, जिससे त्योहार के दौरान यात्रा अनुभव सुचारु बना रहे।