भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने सोमवार शाम को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि आज जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन और यूपी गेट पर अनशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि पुलिस प्रशासन अगर किसानों की ट्रॉली को रोकेगा तो पूरा एक्सप्रेसवे जाम कर देंगे।
किसानों को प्रताड़ित किया गया तो थानों में पशुओं को बांध देंगे। उन्होंने कहा कि अभी वार्ता के लिए सरकार की तरफ से कोई प्रस्ताव नहीं आया है, जब भी बात होगी तो कृषि कानून वापस लेने पर ही होगी। उन्होंने कहा कि कल के बाद अगले कार्यक्रम की घोषणा होगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दखल न दे हमारी लड़ाई लंबी और केंद्र सरकार से है। टिकैत ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस किसानों का उत्पीड़न कर रही है। किसानों को गिरफ्तार किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में किसानों की ट्रॉली बंद की जा रही है। उत्तराखंड के किसानों को रोका जा रहा है। भाकियू उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेगी। अगर किसानों को रोका तो हम गाजीपुर बॉर्डर रोक देंगे। जिस थाने में किसानो को रोका जाएगा हमारे स्थानीय कार्यकर्ता वहीं पशुओं को बांधने का काम करेंगे।