वर्ल्ड में भारत-पाकिस्तान के मैच का फीवर रविवार को शहरवासियों में देखने को मिला। भारत और पाकिस्तान के बीच मैच का लुत्फ लेने के लिए लोग टीवी पर चिपके रहे।
सुबह नौ बजे से शुरू हुए मैच के कारण शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। पाकिस्तान पर भारत की 76 रनों की शानदार जीत के बाद सड़कों और कालोनियों में जीत का जश्न मनाया गया। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर और पटाखे छोड़कर खुशी का इजहार किया।
मॉल्स में लगायी गई स्क्रीन
भारत पाकिस्तान के मैच के क्रेज को भुनाने के लिए महानगर के मॉल्स पीछे नहीं रहे। भारत-पाक के कांटे के मैच को लेकर आरडीसी गौर सेंट्रल मॉल में बड़ी टीवी स्क्रीन पर मैच का लाइव प्रसारण दिखाया गया।
मॉल में लोगों ने खरीदारी से ज्यादा मैच का मजा लिया। भारतीय बल्लेबाजों के चौके-छक्कों पर जमकर तालियां बजीं। पाकिस्तान को हराने के बाद तो लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर जीत का जश्न मनाया।
इस बार भी वर्ल्ड कप जीतेगा भारत
भारतीय वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा क्रिकेटर सुरेश रैना के पिता टीसी रैना और भाई नरेश रैना भी भारत-पाक का मैच देखने के लिए दिनभर टीवी से चिपके रहे। सुरेश रैना के घर पर भारतीय टीम की जीत का जश्न भी मना।
उन्होंने बताया कि भारतीय टीम के 300 रन का टारगेट देने से जीत की उम्मीद जागी। भारतीय गेंदबाजों के पाकिस्तान के पांच विकेट चटकाने के बाद जीत लगभग पक्की हो गई।
उन्होंने सुरेश रैना के साथ टीम इंडिया की तारीफ की। नरेश रैना ने कहा कि भारतीय टीम की जीत से वे बहुत खुश हैं। पाकिस्तान पर वर्ल्ड कप में जीत का सिलसिला जारी रहा। भारतीय टीम के शुरुआती प्रदर्शन से इस बार वर्ल्ड कप जीतने की संभावना भी बढ़ गई है।