इंडिया एक्सपो सेंटर (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
खेलों के दीवानों के लिए इस बार प्रगति मैदान में आयोजित होने वाला साउथ ईस्ट एशिया का सबसे बड़ा इंडिया इंटरनेशनल स्पोर्ट्स एक्सपो बेहद खास होने वाला है। यह एक्सपो 23 से 25 सितंबर तक चलेगा। इसमें दुनिया भर की 300 से ज्यादा कंपनियां भागीदारी करने वाली हैं। एक्सपो में हर खेल प्रेमी की पसंद का खास ख्याल रखा जाएगा।
इस बार खेल इंडिया एक्सपो का यह आठवां संस्करण है। तीन दिनों तक चलने वाले इंडिया इंटरनेशनल स्पोर्ट्स एक्सपो में विभिन्न श्रेणियों के खेल प्रेमियों के लिए नेशनल और इंटरनेशनल स्तर पर दुनिया भर की 300 से ज्यादा कंपनियां अपने बेहतर उत्पादों को लेकर पहुंचेंगी।
इसके साथ ही यहां खेलों को बढ़ावा देने के लिए भी कई गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्पोर्ट्स के क्षेत्र में नए सिरे से काम शुरू करने वाले स्टार्टअप को भी बेहतर मार्ग दर्शन मिलेगा। इस वर्ष प्रगति मैदान में डेढ़ लाख स्क्वायर फीट एरिया में इंडिया इंटरनेशनल स्पोर्ट्स एक्सपो का आयोजन किया जा रहा है।
खेल उपकरणों के साथ ही यहां खेल प्रेमियों के लिए अधिवेशन और सेमिनारों का भी आयोजन किया जाएगा। वहीं स्पोर्ट्स उद्योग में सराहनीय योगदान देने वाली कंपनियों को अवार्ड देकर सम्मानित भी किया जाएगा।
एक्सपो में स्पोर्ट्स चैंपियनशिप, सेपरेट इंटरनेशनल पवेलियन, स्पोर्ट्स फिल्म फेस्टिवल, स्पोर्ट्स करियर फेस्टिवल, किड्स स्पोर्ट्स कैंप, बॉडी बिल्डिंग एंड पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप, वर्कशॉप एंड ट्रेनिंग प्रोग्राम ऑन फिटनेस, मार्शल आर्ट और योग गतिविधियां, एरोबिक, जुंबा और बेले परफोर्मेंस आदि गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इतना ही नहीं खेल प्रेमियों के लिए चौथे स्पोर्ट्स इंडिया फैशन शो का भी आयोजन किया जाएगा।