दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्रध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली और देश की जनता को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देने के साथ ही राजधानी के अभिभावकों को भी आश्वस्त कर दिया कि जब तक कोरोना महामारी का खात्मा नहीं होता यहां के स्कूल नहीं खुलेंगे।
केजरीवाल ने कहा कि वह अभिभावकों को भरोसा दिलाते हैं कि जब तक उनके बच्चों की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित नहीं कर ली जाती तब तक दिल्ली के स्कूल नहीं खोले जाएंगे।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने अपने भाषण की शुरुआत करते हुए सभी को शुभकामनाएं और बधाइयां दीं उन्होंने कहा, आज का दिन उन सभी शहीदों को याद करने का दिन है, जिन्होंने अपने देश को आजाद कराने के लिए अपनी जान की कुर्बानी दी।
शहीद-ए-आजम भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, अशफाक उल्ला खान, सुभाष चंद्र बोस ऐसे लाखों लोग हैं जिन्होंने अपने देश को अंग्रेजों से आजाद कराने के लिए बड़ी-बड़ी कुर्बानियां दीं। महात्मा गांधी, सरदार पटेल, बाबा साहब अंबेडकर, जवाहरलाल नेहरू यह वह लोग हैं जिन्होंने देश को आजाद कराने के लिए तपस्या की।
आज का दिन उन लोगों को भी याद करने का दिन है, जिन्होंने पिछले 73 साल में देश की आजादी को बरकरार रखने के लिए और देश को सुरक्षित रखने के लिए देश की सीमाओं पर अपनी बड़ी-बड़ी कुर्बानियां दीं।
अभी पिछले दिनों हमने सुना कि भारत चीन बॉर्डर पर हमारे 20 सैनिक शहीद हो गए। आज जब हम खुली हवा में सांस लेते हैं और आजादी से घूमते हैं तो हम भूल जाते हैं कि ना जाने कितने ऐसे सैनिकों ने अपनी जान की कुर्बानी दी है। आज उन सभी सैनिकों को हम याद करते हैं और उनका सम्मान करते हैं और उनको नमन करते हैं।
लेकिन साथ ही यह प्रतिज्ञा भी लेते हैं कि जितने लोगों ने देश की आजादी की लड़ाई लड़ी थी और आजादी के जो दीवाने थे उनके जो सपने हैं उनके सपनों को पूरा करने में अपना योगदान दें। दिल्ली के अंदर कोरोना को लेकर आज हालात काफी कंट्रोल में हैं।