यमुना प्राधिकरण के क्षेत्र में जमीन की मौजूदा सर्किल रेट में करीब नौ फीसदी की बढ़ोतरी की गई है, जबकि ग्रुप हाउसिंग की मौजूदा दरों में सिर्फ तीन फीसदी की वृद्धि की गई है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के क्षेत्र में किसी भी तरह की संपत्ति की दरें नहीं बढ़ाई गई हैं। डीएम की अध्यक्षता में मंगलवार को बैठक हुई, जिसमें ग्रेटर नोएडा के एआईजी अखिलेश दुबे और सब रजिस्ट्रार तेज सिंह यादव भी शामिल हुए।
प्रस्तावित रेट लिस्ट को सार्वजनिक कर दिया गया। सूची में यमुना प्राधिकरण के आवासीय भूखंडों की दरें 16 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर से बढ़ाकर 17500 रुपये प्रति वर्ग मीटर कर दी गई हैं।
ग्रुप हाउसिंग भूखंडों की मौजूदा दरें 17500 रुपये है, जिसे बढ़ाकर 18100 रुपये कर दिया गया है। संस्थागत दरें लगभग पहले जितनी ही हैं। व्यावसायिक संपत्तियों की दरों में वृद्धि की गई है। प्राधिकरण की मौजूदा आवंटन दरों में लीज रेंट जोड़ते हुए रेट तय किए गए हैं।
हालांकि, ग्रेटर नोएडा के लिए राहत भरी खबर है। वहां के किसी भी तरह की संपत्ति की दरें नहीं बढ़ाई गई हैं। ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मौजूदा दरें ही लागू रहेंगी।
सब रजिस्ट्रार तेज सिंह यादव का कहना है कि यमुना प्राधिकरण की आवंटन दरें बढ़ने के कारण सर्किल रेट में मामूली इजाफा करना जरूरी था। आवंटन दरों को सर्किल रेट के समतुल्य करने के लिए रेट को रिवाइज किया गया है। उन्होंने बताया कि 25 जुलाई तक आने वाली आपत्तियों को निस्तारित कर 1 अगस्त से लागू कर दिया जाएगा।