नोएडा में आयकर विभाग में अंतिम दिन रिटर्न भरने वालों की भीड़ उमड़ी। विभाग ने चार काउंटर पर रिटर्न जमा करवाए, जबकि लोगों की सहायता के लिए एक केंद्र भी कार्यालय के अंदर खोला गया।
रात आठ बजे तक रिटर्न जमा करवाने का काम चला। वहीं, सेंटर सर्वर पर लोड बढ़ने के कारण बीच-बीच में थोड़ी दिक्कत भी आई।
सेक्टर 24 स्थित आयकर भवन में रिटर्न जमा करने वालों की भीड़ सुबह से ही देखने को मिली। अमूमन पांच बजे तक चलने वाले आयकर भवन में रात आठ बजे तक लोगों का रिटर्न जमा किया गया।
अपर संयुक्त आयकर आयुक्त बीके दीक्षित ने बताया कि लोगों की विभाग ने पूरी सहायता की। काउंटर के साथ आनलाइन रिटर्न जमा करने का काम हुआ। उन्होंने बताया कि सहायता केंद्र पर चार कंप्यूटर आपरेटर बिठाए गए, जिन्होंने लोगों की रिटर्न जमा करने में सहायता की।
आखिरी दिन होने के कारण आन लाइन रिटर्न जमा करवाने की भीड़ बढ़ी, जिसकी वजह से थोड़ी सी समस्या आई। हालांकि, आपरेटर कंपनी ने विशेष व्यवस्था करके सर्वर को लगातार ठीक करने का काम किया।