स्वराज इंडिया पार्टी के संयोजक योगेंद्र यादव के बहन और बहनोई के रेवाड़ी स्थित अस्पताल पर बुधवार को आयकर विभाग ने छापेमारी की। गुरुग्राम आयकर विभाग की टीम ने योगेंद्र यादव के बहनोई एवं शहर के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र यादव के अस्पताल कमला नर्सिंग होम और उनकी पत्नी डॉ. पूनम यादव के कलावती अस्पताल को खंगाला।
आयकर विभाग के अधिकारियों के मुताबिक छापेमारी में 22 लाख रुपये नकद मिले हैं। विभाग ने योगेंद्र यादव के भांजे और उनकी बहन डॉक्टर नीलम यादव के ठिकाने पर भी छापेमारी की। अधिकारियों का कहना है कि आयकर विभाग को पता चला था कि ज्वेलरी खरीदने के लिए डॉक्टरों ने नीरव मोदी की कंपनी को नकद में भुगतान किया था।
इसके बाद ही छापेमारी की गई। दोनों अस्पतालों में टीम की गतिविधियां देर शाम तक चलती रहीं। गुरुग्राम से अपर आयकर निदेशक प्रशांत रंजन की अगुवाई में सुबह एक टीम रेवाड़ी पहुंची। करीब साढ़े दस बजे अपर आयकर निदेशक के साथ तीन वाहनों में जैसे ही आयकर विभाग की टीम कलावती और कमला नर्सिंग होम में पहुंची तो हड़कंप मच गया।
टीम ने सबसे पहले कमला नर्सिंग होम में छापेमारी की। इसके बाद कलावती अस्पताल को खंगाला। छापेमारी के दौरान कमला नर्सिंग होम और कलावती अस्पताल के गेट के बाहर आयकर विभाग और पुलिस के कर्मचारी तैनात थे।