संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल।
जिले के गांव मांदकोल में रविवार को भगवान परशुराम भवन के लोकार्पण समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जरने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए करीब 1.50 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने गांव के आगामी विकास कार्यों के लिए अपने सांसद कोष से 21 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने भगवान परशुराम के जीवन, त्याग, तपस्या और धर्म रक्षा के संदेश पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महापुरुष किसी एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणा होते हैं। भगवान परशुराम का जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और धर्म की स्थापना का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से भगवान परशुराम के जीवन से अनुशासन, साहस, निष्ठा और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार के सहयोग से फरीदाबाद-पलवल क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने दिल्ली-बड़ौदा-मुंबई एक्सप्रेसवे, रेलवे अंडरपास, ओवरब्रिज और जेवर एयरपोर्ट जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। उन्होंने बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो विस्तार और फरीदाबाद-नोएडा-ग्रेटर नोएडा रेल परियोजना पर भी जल्द कार्य शुरू होने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान गांव मांदकोल निवासी राजेंद्र को आगरा नहर में डूब रहे बच्चे की जान बचाने पर सम्मानित किया गया। वहीं होडल विधायक हरेंद्र सिंह ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें क्षेत्र के विकास पुरुष की संज्ञा दी। इस अवसर पर पूर्व मंत्री सीमा त्रिखा, सरपंच पिंकी कौशिक, जवाहर सिंह सौरोत, पंडित टिपरचंद शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।