नोएडा के एनएच-24 पर सड़क धंसने से दिनभर ट्रैफिक की रफ्तार थमी रही। नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सड़कें घंटों जाम से बेहाल रहीं। विजय नगर की ओर से नोएडा और दिल्ली जाने वाला ट्रैफिक ग्रेटर नोएडा वेस्ट और रोड़ नंबर-6 की ओर चला गया।
इससे शहर की सड़कों पर दिनभर जाम जैसे हालात बने रहे। एचएच-24 पर हिंडन पुल के करीब सड़क धंस गई थी। सुबह होते-होते सड़क गड्ढे में तब्दील हो चुकी थी। इससे हाईवे से गुजरने वाले वाहनों की आवाजाही रुक गई।
पीक टाइम शुरू होते ही लंबा जाम लग गया। एक तरफ हाईवे पर गाजीपुर और दूसरी तरफ गाजियाबाद तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। गाजियाबाद से आने वाले वाहनों ने जाम से बचने के लिए चार मूर्ति कट से ग्रेटर नोएडा वेस्ट का रास्ता पकड़ा। दोपहर करीब दो बजे तक ग्रेटर नोएडा वेस्ट का गोल चक्कर पूरी तरह से ब्लॉक हो गया।
एक तरफ गाजियाबाद तो दूसरी तरफ नोएडा की तरफ जाम लग गया। जाम से निपटने के लिए नोएडा के अलावा गाजियाबाद की ट्रैफिक पुलिस दिनभर कवायद करती रही। इस बीच, ट्रैफिक का दबाव मॉडल टाउन से सेक्टर-71 को जोड़ने वाली रोड नंबर-6 पर भी बढ़ गया। बताया जा रहा है कि शाम 4 बजे तक हाईवे के रास्ते हल्के वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई थी, लेकिन ट्रक और बसों का डायवर्जन जारी रहा। रात करीब 8 बजे के बाद कुछ बसों को भी हिंडन पुल से आवाजाही करने की छूट दे दी गई थी। हालांकि, सामान से भरे ट्रकों का संचालन बंद रखा गया।