दिल्ली महिला आयोग में 85 लोगों की भर्ती मामले में पहले से घिरी केजरीवाल सरकार की मुसीबत फिर बढ़ने वाली है। अब दिल्ली सरकार में नियमों को ताक पर रखकर भर्ती कर हर माह लाखों रुपये के घोटाले करने की शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) में की गई है।
आरटीआई के आधार निकाली गई सूचना के साथ शिकायत में भर्ती किए गए 52 लोगों के वेतन के साथ सूची भी सौंपी गई है। इसमें मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री कार्यालय में तैनात लोगों के नाम भी शामिल है।
शिकायतकर्ता सुबोध जैन ने यह सभी जानकारी सूचना के अधिकार नियम के तहत निकाली है। उन्होंने एसीबी को दी अपनी शिकायत में कहा है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन, जल मंत्री कपिल मिश्रा और दिल्ली डायलॉग कमीशन (डीडीसी) के उपाध्यक्ष आशीष खेतान ने अपने खास लोगों एवं रिश्तेदारों की सरकार में नियुक्ति दी है।