भाई की शिकायत लेकर पहुंचे एक युवक को चौकी में पुलिस वालों ने जमकर पीटा। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजनों और लोगों ने चौकी पहुंचकर पुलिस के खिलाफ हंगामा किया।
मामला सीओ के संज्ञान में आने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस की पिटाई के बाद पीड़ित राकेश ने बताया कि अगर बिना गलती के पुलिस इतना पीट रही है फिर तो एनकाउंटर ही कर देना चाहिए। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी ने एक पुलिस वालों के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं।
राकेश ने आरोप लगाया कि रुपये नहीं होने के चलते पुलिस ने उसकी पिटाई की। जबकि उसके भाई को तुरंत छोड़ दिया गया। उसका मेडिकल तक नहीं कराया गया।
उधर, औद्योगिक क्षेत्र चौकी इंचार्ज पीके त्यागी ने बताया कि मामला आपसी मारपीट का है। पुलिस ने पिटाई नहीं की है। औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में गार्ड राकेश झंडापुर गली नंबर-1 में पत्नी प्रतिभा के साथ रहता है।
राकेश का आरोप है कि शनिवार शाम को उसका भाई शराब के नशे में घर आया और उससे और पत्नी के साथ मारपीट की। इस पर पत्नी ने 100 नंबर पर सूचना दे दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और भाई को हिरासत में ले लिया। एफआईआर दर्ज कराने राकेश चौकी पर पहुंचा तो पुलिस ने उसे भी वहां बिठा लिया। आरोप है कि चौकी पुलिस ने रुपये लेकर उसके भाई को तो छोड़ दिया लेकिन राकेश को रातभर चौकी में बंद कर पीटा।
आसपास के लोगों
को जब घटना का पता चला तो सुबह उन्होंने
चौकी पहुंचकर जमकर हंगामा काटा। सीओ विपिन ताडा ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। आरोप सही पाए जाने पर पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होगी।