फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मानसरोवर हत्याकांड : मां और तीन बेटियों समेत पांच की हत्या से दहली दिल्ली

Sat, 07 Oct 2017 07:29 PM IST
बयूरो/ अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
राजधानी में शनिवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मानसरोवर पार्क इलाके में नामी उद्योग घराने जिंदल ऑयल मिल के एक ही परिवार की चार महिलाओं समेत पांच लोगों की नृशंस हत्या कर दी गई। इनमें मां और तीन बेटियां हैं। बदमाशों ने एक गार्ड की भी हत्या कर दी। संपत्ति विवाद में हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस लूटपाट, प्रापर्टी विवाद, रंजिश समेत अन्य दृष्टिकोणों से मामले की छानबीन कर रही है। वहीं, परिवार के लोग किसी भी तरह के प्रापर्टी विवाद की बात से इंकार कर रहे हैं।
विज्ञापन


मृतकों की शिनाख्त उर्मिला जिंदल (78), उनकी तीन बेटियां संगीता गुप्ता (52), नूपुर जिंदल (48) अंजलि जिंदल (45) व बिल्डिंग का गार्ड राकेश कुमार (50) के रूप में हुई है। सभी की गला रेतकर कर हत्या की गई। महिलाओं के शरीर पर धारदार हथियार के घाव मिले हैं।

राकेश का शव ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग में मिला जबकि बाकी चारों के शव पहली मंजिल स्थित उनके कमरे में मिले। पुलिस के मुताबिक घर का सामान बिखरा हुआ था। घर में फ्रेंड्ली एंट्री हुई है। मानसरोवर पार्क थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि वारदात में आधा दर्जन से अधिक लोग शामिल रहे होंगे।
विज्ञापन

जिंदल परिवार तकरीबन 116 सालों से इस इलाके में रह रहा था

मृतकों के परिजन - फोटो : अमर उजाला
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से खेकड़ा-बागपत का रहने वाला जिंदल परिवार करीब 116 साल पूर्व दिल्ली के शाहदरा इलाके में आकर बसा था। मेन जीटी रोड शाहदरा फ्लाईओवर के नीचे 1/561 में 3600 गज के एक ही प्लॉट में पांच भाइयों के सात परिवारों में करीब 45 लोग संयुक्त रूप से रहते हैं। प्लॉट में सभी के अलग-अलग हिस्से हैं।

ऑयल मिल बंद हो चुका है। यहां पिछले करीब 12 साल से बड़ौत के छपरौली-नंगला गांव का रहने वाला राकेश कुमार गार्ड की नौकरी करता था। वारदात तीसरे नंबर के भाई रामकिशन जिंदल के परिवार के साथ हुई। छह साल पहले रामकिशन जिंदल की मौत हो गई थी। उनकी पत्नी उर्मिला व तीन बेटियां संगीता, नूपुर व अंजलि अपनी मां के साथ रहती थीं जबकि चौथी बेटी आभा अपने पति के साथ दक्षिण-दिल्ली में रहती है। फिलहाल जिंदल परिवार के अलग-अलग कारोबार के अलावा कई प्रापर्टी से मोटा किराया आता है।
विज्ञापन

फूलवाले ने पार्किंग में शव देखकर सूचना दी

मृतकों के परिजन - फोटो : अमर उजाला
उर्मिला के भतीजे राकेश ने बताया कि सुबह 5.30 बजे वह मॉर्निंग वॉक के लिए गए थे। करीब 6.30 बजे फूल देने वाला आया तो उसने पार्किंग में गार्ड राकेश का शव देखकर पुलिस व परिवार को सूचना दी। छानबीन के दौरान उर्मिला की कार हटाने की जरूरत पड़ी, परिवार ऊपर पहुंचा तो कमरे में उर्मिला व उसकी तीन बेटियों के शव मिले। कमरे का एसी चल रहा था। 7.15 बजे चार और हत्याओं की पीसीआर कॉल की गई।

खबर मिलते ही स्पेशल सीपी लॉ एंड ऑर्डर एसबीके सिंह, संयुक्त आयुक्त रविंद्र यादव, पुलिस उपायुक्त नूपुर प्रसाद समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
कुछ पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक प्रापर्टी विवाद चल रहा था। जांच के दौरान मृतकों के शरीर पर जेवरात ज्यों के त्यों मिले हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो हत्याकांड को बेहद प्रोफेशनल ढंग से अंजाम दिया गया। पुलिस सुपारी किलर से हत्याकांड करवाने की बात से इंकार नहीं कर रही है। घर में पिछले दस दिन से सफेदी का काम चल रहा है। पुलिस ने सफेदी करने वाले तीन लड़कों समेत आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है।

हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। फिलहाल हत्याकांड की असली वजहों का पता नहीं चल पाया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, सभी दृष्टिकोणों से मामले की छानबीन की जा रही है।
-नुपुर प्रसाद, शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें