स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए अब स्कूलों में भवन और परिसर का निरीक्षण एक स्पेशल टॉस्क फोर्स करेगी। शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। निदेशालय ने इस आदेश को जारी करने के लिए बीते साल के कोर्ट के फैसलों व निर्देशों को आधार बनाया है।
अपने आदेश में निदेशालय ने कहा है कि टॉस्क फोर्स मासिक आधार पर अपने सुरक्षा निरीक्षण की रिपोर्ट जिला उपशिक्षा निदेशकों को भेजेंगी। यह साफ किया गया है कि स्कूलों में सुरक्षा के लिए स्कूल प्रमुख ही जिम्मेदार होंगे।
शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक जोन स्तर पर गठित की जाने वाली टास्क फोर्स में जोन के उपशिक्षा निदेशक, स्कूल प्रिंसिपल व दो सदस्यों के रुप में दो इंजीनियर(इलेक्ट्रिकल व सिविल) होंगे।
सुरक्षा का निरीक्षण करने के बाद यह फोर्स हर माह अपनी रिपोर्ट जिला उपशिक्षा निदेशक को भेजेगी। सभी जोन से रिपोर्ट प्राप्त होने केबाद डीडीई संयुक्त रिपोर्ट क्षेत्रीय शिक्षा निदेशक को भेजेंगे। क्षेत्रीय शिक्षा निदेशक की जिम्मेदारी होगी कि वह सभी रिपोर्ट हर तीन माह में शिक्षा निदेशायल को भेजें।